गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की झांकी ने हासिल किया द्वितीय स्थान

गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय परेड में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की झांकी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक गैरोला और उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव प्रो. मनोज किशोर पंत को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की झांकी की विशिष्ट पहचान प्रदेश के 13 संस्कृत ग्रामों की जीवंत और प्रभावशाली प्रस्तुति रही। झांकी में संस्कृत भाषा, संस्कृति, परंपरा और जीवन शैली के विविध आयामों को कलात्मक रूप से दर्शाया गया, जिसने दर्शकों के साथ-साथ निर्णायक मंडल का भी विशेष ध्यान आकर्षित किया। विषयवस्तु की मौलिकता, प्रस्तुति की सजीवता और सांस्कृतिक गहराई के लिए झांकी की व्यापक सराहना की गई।

झांकी के माध्यम से संस्कृत ग्रामों में प्रचलित पारंपरिक जीवन, शैक्षिक गतिविधियों, सांस्कृतिक अनुष्ठानों और भाषा संरक्षण के प्रयासों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि संस्कृत केवल एक प्राचीन भाषा नहीं, बल्कि आज भी समाज और संस्कृति की जीवंत धरोहर है।

इस सफलता से संस्कृत शिक्षा से जुड़े शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और विद्वानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक गैरोला ने उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव प्रो. मनोज किशोर पंत सहित अकादमी के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए अकादमी द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रतिफल है।

उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के सचिव प्रो. मनोज किशोर पंत ने इस सम्मान का श्रेय अकादमी की पूरी टीम को देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि संभव हो सकी। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी और अधिक सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कृत अकादमी और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊंचा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *