जिलाधिकारी के निर्देश पर पटना में व्यापक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान यातायात सुधार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी पटना डॉ त्यागराजन एस एम के स्पष्ट और सख्त निर्देशों के तहत पटना शहर में बुधवार को भी अतिक्रमण उन्मूलन का मल्टी एजेंसी विशेष अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। राजधानी के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करना तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी स्वयं अभियान की सतत निगरानी कर रहे हैं और नियमित रूप से इसकी समीक्षा भी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अतिक्रमण उन्मूलन अभियान का नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलोअप टीम को लगातार सक्रिय रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस मल्टी एजेंसी अभियान में जिला प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम, यातायात पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल और विद्युत विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना नगर निगम के बांकीपुर अंचल में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 2 बजकर 30 मिनट तक अभियान चलाया गया, जहां राजेंद्र नगर वैशाली गोलंबर से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान बांस, बल्ला, ठेला और स्टॉल हटाए गए तथा बांस, बल्ला और एक ठेला जब्त किया गया। इस अंचल से 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कंकड़बाग अंचल में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अभियान चला, जहां खेमनीचक मेट्रो स्टेशन और जगदीश मेमोरियल हॉस्पिटल के आसपास से झोपड़ी और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। यहां 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नगर परिषद दानापुर निजामत क्षेत्र में राम जयपाल मोड़ से आरपीएस मोड़ तक अभियान चलाया गया, जहां चार चाली और दस बांस जब्त किए गए तथा 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं नगर परिषद खगौल क्षेत्र में दानापुर रेलवे स्टेशन से विजय सिंह यादव पथ कैंट रोड तक अतिक्रमण हटाया गया, जहां चार बांस, एक प्लास्टिक और चार बैनर जब्त किए गए और 1 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नूतन राजधानी अंचल में जीपीओ गोलंबर से स्टेशन गोलंबर और विकास भवन के सामने से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान एक ठेला जब्त किया गया और 3 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पाटलिपुत्र अंचल में शेखपुरा मोड़, नेहरू पथ, पुनाईचक और बिहार म्यूजियम के सामने से अतिक्रमण हटाया गया। यहां पांच अवैध बैनर हटाए गए तथा एक चार चक्का ठेला और एक लकड़ी की गुमटी जब्त की गई। इस अंचल से 12 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अजीमाबाद अंचल में मसौढ़ी मोड़ से बैरिया बस स्टैंड तक अतिक्रमण हटाया गया और दस अवैध बैनर हटाए गए। पटना सिटी अंचल में पटना साहिब स्टेशन से मोर्चा रोड तक अभियान चलाया गया। नगर परिषद फुलवारीशरीफ क्षेत्र में शहीद भगत सिंह चौक से नया टोला तक अस्थायी एवं नाला के स्थायी अतिक्रमण हटाए गए। सभी अंचलों को मिलाकर बुधवार को कुल 47 हजार 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण उन्मूलन अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फॉलोअप टीमें लगातार सक्रिय हैं। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। आदतन अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक पटना से अनुरोध किया है कि थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि पुनः अतिक्रमण की कोई घटना न हो तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विवरण थाना डायरी में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटने और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रभावी निगरानी के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक यातायात पटना, अपर जिला दंडाधिकारी नगर व्यवस्था पटना, पुलिस अधीक्षक सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था पटना, अपर नगर आयुक्त पटना नगर निगम या संबंधित नगर कार्यपालक पदाधिकारी तथा सिटी मजिस्ट्रेट सह प्रभारी दंडाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष पटना शामिल हैं। यह मॉनिटरिंग सेल संयुक्त रूप से अभियान की विशेष निगरानी करेगा।

गौरतलब है कि आयुक्त पटना प्रमंडल के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस एम ने दो टूक कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण, यातायात अव्यवस्था तथा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रशासन शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *