मुख्यमंत्री को सामान्य प्रशासन विभाग के लिए ISO 9001 2015 अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन सौंपा गया

बिहार प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किए गए व्यापक विभागीय सुधारों, नवाचारों और गुणवत्ता प्रबंधन प्रयासों के लिए अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक ISO 9001:2015 प्रमाणन का औपचारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। यह प्रमाण-पत्र 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संकल्प’ में इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स के प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार वर्ष 2005 से सामान्य प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं और उनके नेतृत्व में विभाग ने प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता तथा नागरिकोन्मुख सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप सामान्य प्रशासन विभाग को अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक ISO 9001:2015 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

यह प्रमाणन इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स द्वारा 12 जनवरी 2026 को प्रदान किया गया है, जिसकी वैधता वर्ष 2029 तक रहेगी। ISO 9001:2015 प्रमाणन गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का एक वैश्विक मानक है, जो किसी भी संगठन की कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं की निरंतरता, पारदर्शिता, जवाबदेही और ग्राहक या नागरिक संतुष्टि के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने विगत तीन वर्षों के दौरान इस प्रमाणन को प्राप्त करने के लिए सुनियोजित और चरणबद्ध प्रयास किए। इसके अंतर्गत कार्यस्थलों का नवीनीकरण, कार्यालय व्यवस्था का सुव्यवस्थितीकरण, फाइल और प्रक्रिया प्रबंधन में सुधार, डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा, समयबद्ध निर्णय प्रणाली, आंतरिक निगरानी तंत्र को मजबूत करना तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और नवाचार को प्राथमिकता दी गई। इन सुधारों का उद्देश्य न केवल आंतरिक प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना था, बल्कि राज्य के समग्र शासन तंत्र को अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनाना भी रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री मोहम्मद सोहैल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव श्री संजय कुमार, इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स के डीजीएम श्री तरूण स्वरूप तथा श्री आफताब आलम सहित सामान्य प्रशासन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री को प्रमाण-पत्र सौंपते हुए इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स के प्रतिनिधियों ने विभाग द्वारा अपनाई गई गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली, सतत सुधार के दृष्टिकोण और मानकों के अनुरूप प्रक्रियाओं के सफल क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ISO 9001:2015 प्रमाणन विभाग को भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और निरंतर सुधार की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।

यह उपलब्धि बिहार सरकार के प्रशासनिक सुधारों की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है और अन्य विभागों के लिए भी गुणवत्ता आधारित कार्यसंस्कृति अपनाने की प्रेरणा प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *