केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का दौरा कर बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा दी। इस अवसर पर चार हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक सौ इक्यासी किलोमीटर लंबी आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और तीन ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटरों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें राष्ट्रीय राजमार्ग छियालीस का ओबेदुल्लागंज से इटारसी खंड प्रमुख है। रातापानी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में शेष चार लेन मार्ग का निर्माण पूरा होने से भोपाल और इटारसी के बीच यात्रा अधिक सुगम सुरक्षित और समयबद्ध हो गई है। नियंत्रित यातायात व्यवस्था से सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
इस मार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष एनिमल अंडरपास बनाए गए हैं। ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए इंसुलेटेड पॉलीकार्बोनेट पैनलों से युक्त साउंड प्रूफ कॉरिडोर विकसित किए गए हैं। चार लेन सड़क और आधुनिक संरचनाओं से मानव वन्यजीव संघर्ष और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही सीआरआईएफ के अंतर्गत देहगांव बम्होरी मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क सशक्त हुआ है जिससे किसानों और स्थानीय लोगों को कृषि उत्पादों के तेज परिवहन और स्वास्थ्य शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग एक सौ छियालिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इनके पूरा होने से भोपाल विदिशा और सागर क्षेत्र के बीच तेज सुरक्षित और निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा जिससे व्यापार उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। सागर शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए चार लेन ग्रीनफील्ड वेस्टर्न बाईपास का निर्माण किया जाएगा जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक घटेगा और लंबी दूरी के वाहनों को सुचारू मार्ग मिलेगा।
सड़क सुरक्षा और कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए विदिशा बगरोद सागर भापेल और छापरी में साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। ये केंद्र वैज्ञानिक प्रशिक्षण के माध्यम से कुशल चालक तैयार करेंगे जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण रोजगार और परिवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे तथा आसपास छोटे व्यवसाय और सेवाएं भी विकसित होंगी।
कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने कोटा विदिशा सागर को जोड़ने वाले नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाईवे की भी घोषणा की जिसे सोलह हजार करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया जाएगा। इसके अलावा चार हजार करोड़ रुपये की लागत से विदिशा के उत्तरी बाईपास और सीआरआईएफ के अंतर्गत सोलह सौ करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्यों की भी घोषणा की गई। ये सभी परियोजनाएं मध्य प्रदेश में आधुनिक सड़क अवसंरचना को मजबूत करते हुए क्षेत्रीय आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देने वाली साबित होंगी।
