इंदिरापुरम अभय खंड मिलन विहार 2 में पार्क सुंदरीकरण कार्य का शुभारंभ

गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र अंतर्गत अभय खंड मिलन विहार 2 में वर्षों से उपेक्षित पड़े पार्क के सुंदरीकरण कार्य का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। वार्ड 79 के पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने स्थानीय निवासियों की उपस्थिति में नारियल फोड़कर पार्क सुंदरीकरण कार्य का उद्घाटन किया।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह पार्क लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। पार्क की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने पार्षद से शिकायत की थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने नगर निगम के उद्यान विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई, जिसके परिणामस्वरूप अब पार्क के सुंदरीकरण का कार्य प्रारंभ हो सका है।

पार्क के सुंदरीकरण के तहत साफ-सफाई, हरियाली बढ़ाने, सौंदर्यीकरण तथा नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह पार्क बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

उद्घाटन अवसर पर स्थानीय निवासियों ने महापौर, पार्षद तथा नगर निगम का आभार व्यक्त किया और खुशी के इस अवसर पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। मिलन विहार समिति के कई सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्क का कार्य शीघ्र पूरा होकर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।

पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने कहा कि वार्ड के सभी सार्वजनिक स्थलों के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह सक्रिय प्रयास किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *