प्रेरणा परिवार का पत्रकार होली मिलन समारोह संवाद और समरसता के रंगों में संपन्न

नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एनआईओएस मुख्यालय में प्रेरणा परिवार द्वारा पत्रकारों के साथ प्रेरणा पत्रकार होली मिलन समारोह का गरिमामय और आत्मीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के बीच संवाद, सौहार्द और सांस्कृतिक समरसता को प्रोत्साहित करना तथा समाज में सकारात्मक विचार विमर्श की परंपरा को मजबूत करना था।

समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों से बड़ी संख्या में पत्रकारों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में कुल मिलाकर लगभग 175 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिनमें करीब 125 पत्रकार बंधु और भगिनियाँ शामिल थीं। पत्रकारिता से जुड़े शिक्षण संस्थानों के प्राध्यापक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेंद्र ठाकुर ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पंच परिवर्तन अभियान से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में उत्सव केवल आनंद का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने का माध्यम भी होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता समाज का सजग प्रहरी है, जो राष्ट्र जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

संयोगवश कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हुआ, जिस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को सम्मानपूर्वक नमन करते हुए समाज निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार ने अपने विचार रखते हुए कहा कि ऋग्वेद में अनेक नारी ऋषियों का उल्लेख मिलता है, जो इस बात का प्रमाण है कि भारत में प्राचीन काल से ही महिलाओं ने ज्ञान, विचार और नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, ज्ञान और सृजन का आधार माना गया है।

प्रसार भारती की सलाहकार स्मिता मिश्रा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए होली के सांस्कृतिक महत्व और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और संवाद की संस्कृति को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड क्षेत्र के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, एनआईओएस के अध्यक्ष अखिलेश मिश्र, News18 के ग्रुप कंसल्टेंट एडिटर ब्रजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय, प्रतिबिम्ब शर्मा, DD News से अशोक श्रीवास्तव और प्रखर श्रीवास्तव, India TV से मीनाक्षी जोशी, News 24 से अखिलेश आनंद, TV9 Bharatvarsh से प्रमिला दीक्षित, विष्णु शर्मा और स्वप्निल सारस्वत सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मंच संचालन करुण कपिल ने किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत और संगीत की प्रस्तुति का नेतृत्व हरिश्चन्द्र ने किया। उनके साथ वैशाली, ताराचंद और अमित ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह के वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

समारोह के दौरान पारंपरिक फूलों की होली भी खेली गई, जिसने आयोजन में सांस्कृतिक रंग और आत्मीयता का विशेष वातावरण बनाया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मेरठ प्रांत के सह प्रचार प्रमुख अनिल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह का वातावरण होली के रंगों, मधुर संगीत और आत्मीय संवाद से सराबोर रहा। कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों और पत्रकार बंधु भगिनियों के लिए स्नेहभोज की भी व्यवस्था की गई।

अंत में प्रेरणा परिवार की ओर से सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं और समाज में सकारात्मक संवाद, सहयोग और समरसता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *