पूर्वी चंपारण के रवि कुमार यादव ने राष्ट्रीय अंडर उन्नीस तलवारबाजी में जीता कांस्य पदक

पूर्वी चंपारण, बिहार के उभरते हुए तलवारबाज रवि कुमार यादव ने मणिपुर के इम्फाल में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर उन्नीस तलवारबाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईपी एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 29 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थी।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने रवि की उपलब्धि की पुष्टि करते हुए बताया कि रवि कुमार यादव ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शीर्ष 32 के मुकाबले में असम के आदिल को एकतरफा मुकाबले में 15–1 से पराजित कर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद प्री क्वार्टर फाइनल में मणिपुर के जेनिथ को 15–11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

क्वार्टर फाइनल में रवि ने जम्मू कश्मीर के रणवीर को 15–9 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनका सामना हरियाणा के प्रिंस हुड्डा से हुआ, जहां कड़े मुकाबले में रवि 10–15 से हार गए और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इसके बावजूद उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में सराहनीय रहा।

रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि रवि कुमार यादव ने वर्ष 2024–25 में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। जम्मू कश्मीर में आयोजित 68वीं विद्यालय खेल अंडर 17 राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में उन्होंने ईपी एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इसके अलावा भारतीय तलवारबाजी संघ द्वारा उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित अंडर 17 राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में भी रवि ने ईपी एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी निरंतरता साबित की।

जिला स्कूल, मोतिहारी के बारहवीं कक्षा के छात्र रवि कुमार यादव एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप और कैडेट एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जो उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है।

वर्तमान में रवि खेलो इंडिया योजना के तहत आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहां उन्हें आधुनिक तकनीक, फिटनेस और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मार्गदर्शन मिल रहा है।

रवि कुमार यादव की इस उपलब्धि से न केवल बिहार और पूर्वी चंपारण का गौरव बढ़ा है, बल्कि राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *