राष्ट्रीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन एक स्वर्ण सहित चार पदक हासिल

27 से 29 जनवरी 2026 तक पुलिस सब हेडक्वार्टर, बारामती, पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता 2025–26 में बिहार के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने विभिन्न भारवर्गों में प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। सौम्या शाश्वत ने 64 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अनन्या सिंह ने 68 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। युवराज आदर्श ने 54 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया जबकि सिद्धार्थ वर्मा ने 82 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर बिहार के पदक खाते में वृद्धि की।

महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने टीम से जुड़े सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रदर्शन से राज्य के अन्य उभरते खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

प्रतियोगिता के दौरान बालक वर्ग के कोच के रूप में आकाश कुमार, बालिका वर्ग की कोच के रूप में उन्नति राज तथा हेड कोच सह दल प्रबंधक के रूप में रामसिंह यादव ने टीम का मार्गदर्शन किया। कोचिंग स्टाफ की रणनीतिक तैयारी और तकनीकी सहयोग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कराटे सहित विभिन्न खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *